फ्रांस में महंगाई और सरकारी सेवाओं में कटौती के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों के दौरान अब तक 7,184 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फ्रांस के न्याय मंत्री जेराल्ड दारमानिन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन प्रदर्शनों के सिलसिले में अब तक 466 लोगों को जेल की सजा सुनाई गई है।
अनादोलू समाचार एजेंसी के अनुसार, न्याय मंत्री ने कहा कि 17 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से गिरफ्तार किए गए लोगों में 4,523 वयस्क और 2,661 नाबालिग शामिल हैं। इन मामलों में 3,053 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई, जबकि 1,217 मामलों में सजा के बजाय दूसरे कानूनी उपाय अपनाए गए।
दारमानिन के मुताबिक, कुल 2,301 लोगों को अदालत में पेश किया गया। इनमें से करीब 70 प्रतिशत मामलों की सुनवाई आरोपियों को तुरंत न्यायिक अधिकारियों के सामने पेश करके की गई।
उन्होंने बताया कि अदालतों ने कुल 466 जेल की सजाएं सुनाईं। इनमें 195 सजाएं ऐसी थीं, जिनमें सजा पर रोक नहीं लगाई गई। वहीं, 111 मामलों में तुरंत गिरफ्तारी का आदेश भी दिया गया।
न्याय मंत्री ने कहा कि 16 नवंबर तक 356 लोग हिरासत में थे। इनमें 186 लोग जेल में बंद थे, जबकि बाकी लोग मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक अस्थायी हिरासत में रखे गए थे।
दारमानिन के अनुसार, गिरफ्तारियों और कानूनी कार्रवाई के कुल आंकड़ों में से लगभग दो-तिहाई मामले 17 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शनों के पहले ही दिन के हैं।
गौरतलब है कि इन प्रदर्शनों में महंगाई, बढ़ती जीवन-यापन की लागत और सरकारी सेवाओं में कटौती का विरोध किया जा रहा है। इसमें येलो वेस्ट आंदोलन के कार्यकर्ता, छात्र और मजदूर संगठनों के सदस्य शामिल हुए हैं।
आपकी टिप्पणी